अंतिम ऊँचाई - कुंवर नारायण

अंतिम ऊँचाई - कितना स्पष्ट होता आगे बढ़ते जाने का मतलब अगर दसों दिशाएँ हमारे सामने होतीं,

अंतिम ऊँचाई

कितना स्पष्ट होता आगे बढ़ते जाने का मतलब
अगर दसों दिशाएँ हमारे सामने होतीं,
हमारे चारों ओर नहीं।
कितना आसान होता चलते चले जाना
यदि केवल हम चलते होते
बाक़ी सब रुका होता |

मैंने अक्सर इस ऊलजलूल दुनिया को
दस सिरों से सोचने और बीस हाथों से पाने की कोशिश में
अपने लिए बेहद मुश्किल बना लिया है |

शुरू-शुरू में सब यही चाहते हैं
कि सब कुछ शुरू से शुरू हो,
लेकिन अंत तक पहुँचते-पहुँचते हिम्मत हार जाते हैं |
हमें कोई दिलचस्पी नहीं रहती
कि वह सब कैसे समाप्त होता है
जो इतनी धूमधाम से शुरू हुआ था
हमारे चाहने पर |

दुर्गम वनों और ऊँचे पर्वतों को जीतते हुए
जब तुम अंतिम ऊँचाई को भी जीत लोगे-
जब तुम्हें लगेगा कि कोई अंतर नहीं बचा अब
तुममें और उन पत्थरों की कठोरता में
जिन्हें तुमने जीता है-
जब तुम अपने मस्तक पर बर्फ़ का पहला तूफ़ान झेलोगे
और काँपोगे नहीं-
तब तुम पाओगे कि कोई फ़र्क़ नहीं
सब कुछ जीत लेने में
और अंत तक हिम्मत न हारने में |
- कुंवर नारायण


Antim Unchai

kitna spasht hota aage badhte jane ka matlab
agar daso dishae hamane samne hoti
hamare charo aur nahi
kitna aasan hota chalte chale jana
yadi keval ham chalte hote
baaki sab suka hota

maine aksar is uljalul duniya ko
das siro se sochne aur bees hatho se paane ki koshish me
apne liye behad mushkil bana diya hai

shuru-shuru me sab yahi chahte hai
ki sab kuchh shuru se shuru ho
lekin ant tak pahuchte-pahuchte himmat haar jate hai
hame koi dilchaspi nahi rahti
ki wah sab kaise sampat hota hai
jo itni dhumdham se shuru hua hai
hamare chahne par

durgam vano aur unche parvato ko jitate hue
jab tum apne mastak par barf ka pahla tufaan jheloge
aur kaanpoge nahi
tab tum paoge ki koi fark nahi
sab kuchh jeet lene me
aur ant tak himmat n harne me
- Kunwar Narayan

Post a Comment

कृपया स्पेम न करे |

Previous Post Next Post